परशदेपुर(रायबरेली)। छतोह ब्लाॅक के गोपालपुर में दुलहिन तारा तालाब से निकले नाले में सिल्ट जमा होने से पानी की निकासी नहीं हो रही है। इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई बार सिल्ट सफाई के लिए अधिकारियों से गुहार लगाई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इस पर किसानों ने चंदा लगाकर नाले की सफाई कराई। किसानों का कहना है कि पानी न निकलने की वजह से हर साल बारिश में किसानों की फसल जलमग्न हो जाती है। किसानों ने कई बार पानी के निकास के लिए सिंचाई विभाग को प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। विभागीय अधिकारियों की उदासीनता से परेशान किसानों ने आपस में चंदा लगाया और रविवार को नाले की सफाई शुरू कराई। किसान राजकुमार, प्रदीप मौर्य, दीपू, सियाराम, जयराम मौर्य, सुखराम पासी, आदित्य निर्मल व राम बहोर का कहना है कि दुलहिन तारा तालाब से निकले नाले की लंबाई करीब 800 मीटर है। साफ सफाई न होने से यह सिल्ट से पट गया है। बारिश में तालाब के पानी से फसलें तबाह हो जाती हैं। हर साल किसानों को नुकसान उठाना पड़ता है। सिंचाई विभाग के एक्सईएन रमाशंकर राय का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। जांच की जाएगी।