लालगंज (रायबरेली)। क्षेत्र के पूरे सनई मजरे कुंडवल गांव में सोमवार दोपहर जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। घटना में दोनों ओर से 10 लोग घायल हुए। इनमें दो की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। गांव के राहुल और मोतीलाल के बीच जमीन को लेकर विवाद पहले से चल रहा था। सोमवार दोपहर को मोतीलाल का परिवार विवादित खेत में गेहूं की बुवाई कर रहा था। इसी दौरान राहुल का परिवार मौके पर पहुंचा और एतराज जताया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। मारपीट में मोतीलाल पक्ष के जनक दुलारी, मोतीलाल, सुनीता, खुशबू और पूजा घायल हुए। राहुल पक्ष के राहुल, उनकी मां गणेशा, विनीता, उमा, अर्चना और रोशनी को भी गंभीर चोटें आईं। जनक दुलारी और मोतीलाल की स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायल सीएचसी में उपचार पा रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को इलाज के लिए भेजा गया है। लिखित तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।