हाईवे पर यदि आप फर्राटे से गाड़ी दौड़ा रहे हैं, चालान के लिए रोकने पर कहीं से बच निकलने की कोशिश कर रहे हैं या फिर रोके जाने के बाद किसी पुलिसकर्मी को कुछ पैसे पकड़ाकर निकलने का प्रयास करते हैं तो ये सब कोशिशें अब बेमानी होंगी। ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले हर वाहन चालक की स्पीड से लेकर चेकिंग के दौरान रोके जाने तक की गतिविधि अब ट्रैफिक पुलिस की गाड़ी की नजर में रहेगी। दरअसल, यातायात पुलिस अब अत्याधुनिक तकनीक से लैस होकर चालान पोजिशन में खड़ी मिलेगी कि कहीं से भी बच निकलना मुश्किल होगा। नई इंटरसेप्टर गाड़ी में चालक के एल्कोहल लेने की मात्रा चेक करने की हाईटेक नई मशीन अब पुलिस के पास मौजूद है। मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस रायबरेली को नई इंटरसेप्टर गाड़ी मिली है, जो अत्याधुनिक तकनीक से लैस है। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने अपने कार्यालय से नई इंटरसेप्टर गाड़ी को हरी झंडी दिखाई। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक इस नई इंटरसेप्टर गाड़ी की खासियत ये है कि अब खराब मौसम, बारिश और कोहरे में भी नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की लापरवाही यह रिकॉर्ड कर सकेगी। ओवरस्पीड से लेकर अन्य लापरवाही मिलने पर पुलिस के पास चालक और गाड़ी की हर मूवमेंट हाई रेजुलेशन के साथ वीडियो रिकॉर्ड होगी, वहीं कलर प्रिंट फोटो के साथ ऑनलाइन चालान काटकर उसी समय चालक के एड्रेस पर भेजा जाएगा। इसके अलावा इस गाड़ी के ऊपर एक वाटरप्रूफ कैमरा लगा है, जो चारों तरफ घूम सकता है। गाड़ी के अंदर बैठा अधिकारी चालान की कार्रवाई के दौरान अपने पुलिसकर्मियों की वाहन चालकों के साथ की जा रही हर मूवमेंट को लाइव देख सकता है। गाड़ी के ऊपर कैमरे के साथ ही एक एलईडी स्क्रीन लगी है, जिस पर ट्रैफिक नियमों के बारे में जानकारी फ्लैश होती रहेगी। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, ट्रैफिक प्रभारी अरिमर्दन सिंह मौजूद रहे।