रायबरेली। सलोन कोतवाली क्षेत्र के सोनबरसा गांव निवासी शशिधर यादव (45) पुत्र स्व.बुद्वीलाल की रविवार को बेरहमी से हत्या कर दी गई। कुल्हाड़ी से एक के बाद एक कई वार किए गए। इससे शशिधर के सिर के पीछे, आंख के पास चोट के निशान पाए गए। वारदात की कोई वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर घटना की जांच कर रही है। शशिधर खेती करते थे। शाम चार बजे पशुओं के लिए चारा काटने खेत गए थे। इसी दौरान उनकी हत्या की गई। शव के पास ही कुल्हाड़ी पड़ी थी। किसान की हत्या से परिजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं। वारदात कैसे हुई और इसमें किसका हाथ है, इसकी पुलिस पड़ताल कर रही है। सीओ सलोन यादुवेंद्र बहादुर पाल ने बताया कि जांच और तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई होगी।