लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के पूरे करवती मजरे ऐहार गांव में बुधवार को बिजली लाइन दुरुस्त करते समय एक संविदा लाइनमैन खंभे से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गुरबक्शगंज थाना क्षेत्र के अटोरा बुजुर्ग गांव निवासी राजू (37) पुत्र बनवारी बिजली लाइन की खराबी ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़ा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से सीमेंटेड सड़क पर औंधे मुंह गिर पड़ा। बगल में टूटा बिजली का खंभा भी पड़ा था। गिरते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद साथ में मौजूद कर्मचारियों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण क्षेत्र के अवर अभियंता बृजेश कुमार अस्पताल पहुंचे और घायल कर्मचारी का हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि खंभे पर चढ़ते समय लोहे के पैडल से पैर फिसल जाने के कारण कर्मचारी नीचे गिर गया। उसका उपचार कराया जा रहा है।