समाधान दिवस में आईं तीन राजस्व शिकायतें, संयुक्त टीम करेगी जांच खीरों (रायबरेली)। खीरों थाने में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में कुल तीन शिकायतें प्राप्त हुईं। सभी शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित होने के कारण उनका मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर शिकायतों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। समाधान दिवस के दौरान एक अलग घटना ने कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। दो सगे भाइयों के बीच मारपीट के मामले में अपने पति के साथ शिकायती पत्र देने आई महिला पूनम को अचानक चक्कर आ गया। हालांकि समाधान परिसर में गर्मी से राहत के लिए कई कूलर लगाए गए थे, फिर भी महिला की तबीयत बिगड़ने से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। महिला पुलिसकर्मियों ने तत्काल पानी के छींटे मारकर और प्राथमिक सहायता देकर उसे सामान्य किया। पुलिस के अनुसार महिला के पति और जेठ के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी। इस मामले में दोनों भाइयों के विरुद्ध शांति भंग की कार्रवाई करते हुए उन्हें उपजिलाधिकारी लालगंज की अदालत में भेजा गया है। समाधान दिवस में खीरो कस्बा निवासी राम गनेश ने सुन्दारा सहित अन्य लोगों पर तथा गोधनीखेड़ा मजरा सकतपुर निवासी देवराज ने हरिनाम आदि पर पुस्तैनी जमीन पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। मामलों की जांच आवश्यक होने के कारण किसी भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं किया जा सका।