रायबरेली में सर्वोदय नगर के निकट स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास बनाने के लिए रविवार को साढ़े सात घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया। इससे जनता मेल, पंजाब मेल समेत पांच ट्रेनें प्रभावित रहीं। इन ट्रेनों को बदले हुए रास्ते से चलाया गया। रायबरेली-रूपामऊ स्टेशनों के बीच स्थित इस क्रॉसिंग पर पहले से ओवरब्रिज बना है। यहां अब अंडरपास बनाने का काम भी चल रहा है। अंडरपास बनाने के लिए रेलवे ट्रैक के नीचे काम होना है। इसीलिए रविवार को सुबह 9 बजे से शाम 4.30 बजे तक यानी साढ़े सात घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया। इस दरम्यान कोई भी ट्रेन नहीं दौड़ई। ट्रैफिक ब्लॉक की वजह से हावड़ा से अमृतसर जाने वाली पंजाब मेल, अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल, बनारस से देहरादून जाने वाली जनता मेल, देहरादून से बनारस जाने वाली जनता मेल रेलवे स्टेशन पर नहीं आईं। इन ट्रेनों को सुल्तानपुर के रास्ते चलाया गया। इसी तरह लखनऊ से प्रयागराज जाने वाली पैसेंजर ट्रेन का भी मार्ग परिवर्तन किया गया है। यह ट्रेन लखनऊ रायबरेली तक आएगी, लेकिन यहां से डायवर्ट रही। इसे दरियापुर, ऊंचाहार के रास्ते के फाफामऊ, प्रयागराज ले जाया गया। जनता और पंजाब मेल सफर करने वाले रायबरेली, बछरावां, हरचंदपुर आदि स्टेशनों के यात्रियों को लखनऊ से ट्रेन पकड़नी पड़ी। पैसेंजर ट्रेन के यात्रियों को फाफामऊ, प्रयागराज जाने की सुविधा तो मिली लेकिन रूपामऊ, फुरसतगंज, जायस आदि स्टेशनों का सफर नहीं कर सके। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि ट्रैफिक ब्लॉक की वजह से पांच ट्रेनें डायवर्ट की गईं।