यूपी के रायबरेली में रविवार की तड़के पुलिस ने मुठभेड़ में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पैर में गोली लगने से एक घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि इस दौरान दो बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। उनकी तलाश की जा रही है। पकड़े गए बदमाश एनटीपीसी से संबद्ध ठेकेदार सहदेव ठाकुर के घर चोरी करने के मामले में फरार चल रहे थे। मुठभेड़ ऊंचाहार-सलोन मार्ग पर हुई। अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि रात करीब 1.00 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि अंतर्जनपदीय बदमाश मनीरामपुर के पास किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। वह स्विफ्ट कार में हैं। सूचना पर सीओ अरुण कुमार नौहवार ने पुलिस टीम के साथ बदमाशों की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस की जबावी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। उसकी पहचान प्रतापगढ़ जिले के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के गोलौरी का पुरवा मजरे विजई मऊ निवासी रोहित उर्फ गोबिंद उर्फ बौड़म के रूप में हुई है। वहीं प्रतापगढ़ के महेशगंज थाना क्षेत्र के पूरे गोसाईं मजरे पुरमई सुल्तानपुर निवासी बदमाश मोनू सरोज को भागते समय पकड़ लिया गया। उसके दो साथी रोहित व पिंटू अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।