रायबरेली में रविवार की देर शाम जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्माणधीन पानी की टंकी से गिरने से कुनाल (14) पुत्र स्व. राम नेवल की मौत हो गई। वह महराजगंज क्षेत्र के ठाकुरपुर मजरे कैड़ावा का रहने वाला था। मामले में मृतक के भाई समेत ग्रामीणों का आरोप है कि मौजूदा पानी की टंकी का ठेकेदार किशोर को 200 रुपये पर दिहाड़ी देने का लालच देकर जोखिम भरा काम करवाने ले गया था। बड़े भाई नीरज ने बताया कि आमतौर पर उसका भाई घर पर रहकर प्राथमिक विद्यालय, गढ़वा में पढ़ाई करता था। चार दिन पूर्व मेरठ से चार लोगों ने उसे 200 रुपये प्रतिदिन पर काम पर रखने की बात कहकर पानी की टंकी के निर्माण में दिहाड़ी पर लगाया था। रविवार को कुनाल का पहला दिन था, हाल यह है कि पानी की टंकी की सीढियों पर किसी प्रकार की रेलिंग नहीं बनी है। इससे कुनाल नीचे गिरा और फर्मा में उसका सिर टकरा गया। इससे उसकी मौत हो गई।