रायबरेली में यूपी बोर्ड परीक्षा में शुक्रवार को हाईस्कूल गणित की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। अधिकतर परीक्षार्थियों ने प्रश्नपत्र को अपेक्षाकृत सरल बताया। परीक्षा केंद्रों के बाहर छात्रों के चेहरों पर संतोष साफ दिखाई दिया। लालगंज के बैसवारा इंटर कॉलेज में प्रथम पाली में गणित विषय की परीक्षा कराई गई। परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर निकले छात्र अर्जुन ने कहा कि प्रश्नपत्र आसान था। उन्होंने समय से पहले पूरा पेपर हल कर लिया। तैयारी में उनके ट्यूशन शिक्षक का विशेष सहयोग रहा। छात्रा दीपांशी न भी प्रश्नपत्र को बहुत बढ़िया बताया। कहा कि किसी भी प्रश्न में कठिनाई नहीं हुई। पूरा पेपर पूरे आत्मविश्वास के साथ हल किया। परीक्षा के दौरान केंद्र पर सुरक्षा और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम रहे। प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। गणित परीक्षा की प्रथम पाली में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के संयुक्त निदेशक डॉ. प्रदीप सिंह ने केंद्र का औचक निरीक्षण किया।