रायबरेली में शुक्रवार की सुबह एक घर में चल रही नमकीन फैक्टरी में घरेलू सिलिंडर लीक होने से आग लग गई। इससे वहां साइकिल सहित अन्य सामान जल गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। घटना लालगंज कस्बा के अंबेडकर मार्ग स्थित कोरिहई मोहल्ले विकासनगर की है। विकास नगर मोहल्ला निवासी सुरेंद्र सैनी के घर में चल रही नमकीन फैक्टरी में सुबह करीब 9 बजे अचानक आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि सिलिंडर फट गया। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। आग से वहां रखी दो बाइक, एक साइकिल और अन्य जरूरी सामान जल गया। आग बुझाते समय फैक्टरी संचालक का भाई जितेंद्र सैनी भी मामूली रूप से झुलस गया। मोहल्ले के लोगों ने मिलकर आग बुझाना शुरू किया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। आग पर पूरी तरह काबू पाया। फायर ब्रिगेड चालक आनंद प्रताप सिंह ने बताया कि फैक्टरी बस्ती के अंदर बिना अनुमति चलाई जा रही थी। यहां घरेलू गैस सिलिंडर का उपयोग भी किया जा रहा था। इसकी सूचना विभाग को नहीं दी गई। इससे बड़ा हादसा हो सकता था।