रायबरेली के लालगंज कस्बा में शनिवार को अखिल विश्व गायत्री परिवार की ज्योति कलश रथ यात्रा का स्वागत हुआ। गायत्री परिवार से जुड़े लोगों ने राहगीरों और श्रद्धालुओं को मिशन का साहित्य वितरित किया। यात्रा सुबह करीब 10 बजे साकेत नगर पहुंची। इसके बाद मेन रोड होते हुए रथ घोसियाना मोहल्ला स्थित आरएसएस कार्यालय पहुंचा। यहां अनुयायियों ने विधि विधान से पूजा अर्चना की और दिव्य कलश की आरती उतारी। कार्यक्रम के संयोजक शीतला प्रसाद ने बताया कि शांतिकुंज हरिद्वार की ओर से मिशन के शताब्दी वर्ष पर देश भर में शक्ति कलश यात्रा निकाली जा रही है। आरएसएस के जिला प्रचारक अजीत ने कहा कि राष्ट्र निर्माण और सामाजिक उत्थान के लिए सभी संगठनों को मिलकर काम करना होगा। आभार ज्ञापन प्रतिष्ठित बर्तन व्यवसायी कृष्ण शंकर गुप्त ने किया। उन्होंने कहा कि दिव्य आयोजन में शामिल होना सौभाग्य की बात है। इसके बाद रथ यात्रा बेहटा चौराहा स्थित गायत्री विद्यापीठ, बक्शी मेमोरियल पब्लिक स्कूल व शेखवापुर स्थित प्रज्ञा पीठ होते हुए ऊंचाहार के लिए रवाना हुई। इस दौरान नगर प्रचारक पुष्पम, सचिन रस्तोगी, इंद्रेश सिंह, सुरेश दीक्षित, भुजंग भूषण शर्मा, शिवदत्त बाजपेयी, इंद्रेश, राजेश सोनी, अविनाश शर्मा, कृष्णा सिंह, रेनू दीक्षित व पूनम गुप्ता मौजूद रहे।