रायबरेली में संदिग्ध परिस्थितियों में बुजुर्ग की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने जगतपुर-डलमऊ मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दी। ग्रामीण बैंक कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। जानकारी के अनुसार, छिछौरे मजरे झरहा निवासी सुरेश (56) पुत्र अयोध्या की शुक्रवार को मौत हो गई। मृतक की पत्नी फूलमती का आरोप है कि उनके पति का खाता पंजाब नेशनल बैंक जगतपुर में है। बैंक अधिकारियों ने कथित रूप से जालसाजी कर उनके नाम पर लोन कर दिया। धोखे से चेक पर हस्ताक्षर कराकर पैसा किसी अन्य खाते में ट्रांसफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार, सोमवार को बैंक मैनेजर समेत अन्य कर्मचारी घर पहुंचे और लोन की रकम जमा करने के लिए दबाव बनाने लगे। पैसा न देने पर जेल भेजने की धमकी भी दी गई। इसी मानसिक तनाव के चलते सुरेश की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जगतपुर ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां से घर वापस लाने पर उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने विश्वनाथगंज के पास जगतपुर-डलमऊ मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। मौके पर ऊंचाहार जगतपुर, गदागंज , डलमऊ थाने की फोर्स मौजूद रही। क्षेत्राधिकारी डलमऊ गिरजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि बुजुर्ग की मौत के बाद ग्रामीणों द्वारा मार्ग जाम किया गया था।