रायबरेली में शहर कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा गार्डन के सामने शनिवार को बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने वैलेंटाइन डे का पुरजोर विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने वैलेंटाइन डे को भारतीय संस्कृति के विरुद्ध बताते हुए जमकर नारेबाजी की और एक पुतला फूंका। इस दौरान बजरंग दल के क्षेत्रीय संयोजक मारुत त्रिपाठी ने कहा कि 14 फरवरी पुलवामा शहीदों की स्मृति का दिन है, ऐसे में वैलेंटाइन डे का विरोध आवश्यक है। हाथों में बैनर-पोस्टर लिए कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रभक्ति के नारे लगाए। मौके पर मौजूद पुलिस बल की उपस्थिति में यह कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।