फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रायबरेली के लालगंज में बाईपास बंद होने से रूट डायवर्जन, कस्बा में जाम से नगर वासियों में आक्रोश

रायबरेली में बांदा-टांडा राष्ट्रीय राजमार्ग-232 पर लालगंज कस्बा के बाईपास स्थित रेलवे ओवरब्रिज बंद होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारी वाहनों का दबाव नगर के अंदर बढ़ गया है। इससे कस्बा में जाम की समस्या उत्पन्न हो गई है। पुल के मुख्य हिस्से में दो स्थानों पर कंक्रीट धंसने की समस्या सामने आई है। इसके बाद मरम्मत कार्य शुरू कराया गया। सुरक्षा के दृष्टिगत पुल के दोनों सिरों पर सीमेंट के बड़े गर्डर रखकर बैरिकेडिंग कर दी गई है। ओवरब्रिज पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह रोक दिया गया है। ट्रक, बस और अन्य भारी व छोटे वाहन अब नगर से होकर गुजर रहे हैं। इससे शाम से ही नगर में जाम की स्थिति बनी रही। अधिकारियों के अनुसार, क्षतिग्रस्त हिस्से को पूरी तरह दुरुस्त करने में 15 दिन से अधिक समय लग सकता है। तब तक पुल बंद रहेगा। उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष रोहिताश्व सिंह तूफानी ने बताया कि बाईपास का यह ओवरब्रिज वर्ष 2018 में तैयार हुआ था। इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। लेकिन, छह माह के भीतर ही पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। वर्ष 2019 में इस पर आवागमन बंद कर दिया गया था। करीब छह साल बाद मरम्मत पूरी होने पर तीन नवंबर को पुल दोबारा चालू हुआ। उन्होंने बताया कि दोबारा चालू होने के कुछ ही दिनों बाद पुल की कंक्रीट फिर धंस गई थी। उस समय पुल को बंद नहीं किया गया। लोहे की चादर लगाकर वाहनों की आवाजाही जारी रखी गई। शुक्रवार को आखिरकार पुल को पूरी तरह बंद कर मरम्मत कार्य शुरू कराया गया। उन्होंने जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की मांग की। भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज अवस्थी ने कहा कि पुल के बार-बार क्षतिग्रस्त होने से अधिकारियों की लापरवाही सामने आ रही है। यह पुल प्रधानमंत्री से जुड़ा है। इसे तत्काल ठीक किया जाना चाहिए। व्यवसाई सचिन रस्तोगी ने कहा कि समय पर मरम्मत पूरी नहीं हुई तो जाम और बढ़ेगा। लोगों की परेशानियां भी बढ़ेंगी। वाहन चालकों ने बताया कि पुल बंद होने की सूचना के लिए कहीं भी स्पष्ट संकेतक नहीं लगाए गए हैं। बैरिकेड के सामने पहुंचने पर ही पुल बंद होने की जानकारी मिल रही है। इससे असुविधा हो रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें