रायबरेली: कस्बे के अंबेडकर मार्ग स्थित गंदी गली मोहल्ले में शनिवार शाम चाय बनाते समय गैस सिलेंडर के रेगुलेटर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। हादसे में करीब 50 हजार रुपये कीमत का गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। समय रहते दमकल टीम ने आग पर काबू पा लिया। इससे बड़ा हादसा टल गया। मोहल्ला निवासी बउवा सोनी की पत्नी रश्मि गैस चूल्हे पर चाय बना रही थीं। इसी दौरान सिलेंडर के रेगुलेटर में अचानक आग लग गई। महिला ने सूझबूझ दिखाते हुए घर से बाहर निकल कर शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और फायर ब्रिगेड व पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एचपी गैस एजेंसी के मैनेजर नईम फायर एक्सटिंग्विशर लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया। कुछ देर बाद दमकल की दो गाड़ियां पहुंचीं। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि तब तक आग की चपेट में आकर स्मार्टफोन, एलईडी टीवी, रजाई, गद्दे, कपड़े, कूलर, पंखा समेत करीब 50 हजार रुपये का गृहस्थी का सामान जल चुका था।घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल रहा। काफी देर तक इलाके में धुएं का गुबार छाया रहा। समय रहते आग पर काबू पा लेने से आसपास के मकानों तक आग फैलने से बच गई।