रायबरेली: चकबंदी कराने को लेकर बुधवार को शहजादपुर गांव के लोगों ने प्रदर्शन किया। गांव के आम रास्ते पर खड़े होकर नारेबाजी की और चकबंदी न होने पर विधान सभा व लोकसभा चुनावों में मतदान का बहिष्कार करने की धमकी दी है। जानकारी के मुताबिक, शहजादपुर गांव में आजादी के बाद से अभी तक चकबंदी नही हुई है। चकबंदी कराने के लिए गांव वालों ने एसडीएम, डीएम व मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखा लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर ग्रामीणों को प्रदर्शन व मतदान बहिष्कार का रास्ता चुनना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण गिरिजेश चंद्र मिश्रा, नरेंद्र बहादुर सिंह, लाल बहादुर सिंह, उदय प्रताप सिंह, शत्रुघ्न सिंह, पुष्पराज सिंह, महेंद्र प्रताप, सुशील,गौरव, कुलदीप, अनिल यादव,श्यामलाल, धर्मेंद्र कुमार, विनोद कुमार पांडेय व अभिषेक सिंह ने बताया कि चकबंदी न होने से खेतों को जाने वाला चकमार्ग नहीं है। इससे खेत में ट्रैक्टर लेकर जाने में परेशानी होती है। दूसरे खेतों से ट्रैक्टर ले जाने पर फसल का नुक़सान होता है और विवाद की स्थिति बनी रहती है। परिवार बड़े होने से खेतों में बंटवारे हो गये हैं लेकिन किसी के लिए रास्ता नहीं बचा है। चकबंदी के लिए गुहार लगाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। वहीं इस बाबत एसडीएम विवेक राजपूत ने बताया कि प्रदर्शन की जानकारी नहीं है। शिकायत मिलने पर चकबंदी के लिए संबंधित विभाग को पत्र लिखा जाएगा।