बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस ट्रेन में स्नानार्थियों को न बैठाने पर जमकर हंगामा किया गया। बताते हैं कि ट्रेन में बैठे यात्रियों ने गेट नहीं खोला, जिससे प्रयागराज जाने वाले स्नानार्थी ट्रेन में नहीं बैठ सके। वहीं रेलवे प्रशासन भी मदद के लिए आगे नहीं आया। महाकुंभ के चलते ट्रेनों में भीड़ काफी ज्यादा होने से यात्रियों को दिक्कत हो रही है। बरेली प्रयागराज ट्रेन में सफर को लेकर रविवार से खासी परेशानी रही। ट्रेन में चढ़ने को लेकर बछरावां स्टेशन पर कई बार चेन खींची गई। इससे बार बार ट्रेन रुकती रही। करीब आधे घंटे तक ट्रेन को बछरावां स्टेशन पर रुकना पड़ा। ट्रेन जब रायबरेली पहुंची तो सारे गेट अंदर से बंद थे जिससे रायबरेली से यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी मशक्कत के बाद भी सफलता नही मिल सकी। प्रयागराज न जा पाने से नाराज यात्रियों ने प्रदर्शन किया।