मिल एरिया थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली बालिका महराजगंज क्षेत्र के एक निजी स्कूल में कक्षा तीन की छात्रा है। पिता के मुताबिक वह खेती करते हैं। शनिवार को ही स्कूल खुला था और बेटी ने विद्यालय जाना शुरू किया था। सुबह बेटी गुमसुम थी। डरी सहमी थी। अचानक स्कूल जाने से मना कर दिया। स्कूल न जाने का कारण पूछा गया तो पहले तो टालमटोल करने लगी लेकिन बाद में कड़ाई से पूछताछ की गई तो बताया कि चालक ने शारदा सहायक नहर के किनारे बस खड़ी करके उनके साथ दुष्कर्म किया। कहीं बताने पर जानमाल की धमकी दी थी। बेटी की यह बात सुनकर परिजन व ग्रामीण आक्रोशित हो गए। स्कूल पहुंचकर नारेबाजी व हंगामा किया। अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा के मुताबिक महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के कोडरा गांव निवासी बस चालक धीरेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। पिता की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है।