पुलिस मुठभेड़ में दो पशु तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। एसओजी, सर्विलांस और लालगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने दो पशु तस्करों को हिरासत में लिया है। पुलिस टीम पर तस्करों ने फायरिंग की थी जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की थी। इसमें दो पशु तस्करों के पैर में गोली लगी है। सनगांव फतेहपुर निवासी मोहर्रम अली उर्फ खलीली अपने साथी मो चांद के साथ भोर पहर कार से लालगंज जा रहे थे। पुलिस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मेरुई तिराहे के पास एसओजी और पुलिस को देख इन दोनों ने कार को मोड़ लिया और दूसरी तरफ से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने इस पर कार का पीछा किया तो दीना का पुरवा गांव के पास कार गड्ढे में फंस गई और मोहर्रम अली व मो. चांद कार से उतरकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो फायरिंग की गई। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। जिसमें मोहर्रम अली और मो. चांद के पैर में गोली लगने से दोनों घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। आरोपियों के पास से एक कार, 21 हजार रुपये नकद और अवैध असलहा बरामद किया गया है। एएसपी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पशु तस्कर हैं और दोनों के खिलाफ फतेहपुर में मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ के बाद अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।