लालगंज के ऊंचाहार उन्नाव रेलखंड पर बृहस्पतिवार की दोपहर एक हादसे में 18 वर्षीय युवक की मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई। यह हादसा चक पंचम गांव के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दतौली गांव के चमारन का पुरवा निवासी आकाश रैदास पुत्र स्व. पप्पू रैदास अपने भांजे रियांश को स्कूल से लेने के लिए पैदल कस्बे की ओर निकला था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह रेलवे ट्रैक पर चलते समय कान में ईयरफोन लगाए हुए था। इसी दौरान करीब 11:20 बजे लालगंज से डलमऊ की ओर जा रही मालगाड़ी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि आकाश ट्रैक से करीब 50 फीट दूर जाकर गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पंचायतनामा करा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। आकाश चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था और बड़े भाई विकास के साथ प्लंबिंग का काम करता था। हादसे के बाद से परिवार में मातम का माहौल है। मां राजकुमारी, भाई विकास और बहनें नीतू व रीतू का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।