रायबरेली के जिला अस्पताल के नाक, कान और गला रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवकुमार के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई के बाद सोमवार को प्रांतीय चिकित्सा सेवा (पीएमएस) संघ भड़क गया। ओपीडी को ठप करके चिकित्सक जिला अस्पताल में एकत्र हुए। बाद में कलेक्ट्रेट तक विरोध मार्च निकालकर एसपी और सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौपा। संघ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार शुक्ला और मंत्री डॉ. शरद कुशवाहा ने कहा कि चिकित्सक पर की गई शांतिभंग की कार्रवाई को वापस लिया जाए। ऐसा न करने पर चिकित्सीय सेवाओं को ठप करने की चेतावनी दी। उधर, चिकित्सकों को विरोध के दौरान जिला अस्पताल में करीब दो घंटे तक ओपीडी ठप रही। ऐसे में परचा लिए ओपीडी कक्षों के बाहर मरीज चिकित्सकों के आने का इंतजार करते रहे। तमाम मरीज बिना इलाज कराए ही वापस लौट गए। अपरान्ह पौने दो बजे कलेक्ट्रेट से लौटने के बाद कुछ चिकित्सकों ने कुछ देर के लिए ओपीडी की। इस दौरान मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सीएमएस डॉ. प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि चिकित्सक कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देने के लिए गए थे। इसी कारण ओपीडी प्रभावित हुई।