रायबरेली में फर्जी दस्तावेज से आधार कार्ड बनाए जाने के मामले में डीह पुलिस ने बृहस्पतिवार को यूनियन बैंक आफ इंडिया मऊ के कर्मचारी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि बैंक कर्मचारी की आईडी पासवर्ड से मोबाइल दुकानदार रायबरेली में आधार कार्ड बनाने का कार्य कर रहे थे। पकड़े गए आरोपियों के पास से फर्जी जन्म प्रमाणपत्र, इलेक्ट्रानिक उपकरण समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। मामले में छह आरोपी नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी से आधार कार्ड बनाने और आईटीएक्ट के तहत केस दर्ज हुआ। इसमें अब तक तीन आरोपी पकड़े गए हैं। अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है। डीह थाना प्रभारी जितेंद्र मोहन सरोज की तरफ से डीह थाने में रायबरेली जिले के पूरे कोलऊ मजरे मऊ निवासी अरविंद, गोपालपुर गांव निवासी शत्रुघ्न, सलोन कस्बा निवासी शहबाज आलम, धीरेंद्र शर्मा, अभिषेक कुमार और मऊ जिले के बबुआपुर रकवाडीह सरायखंसी निवासी अनुज यादव और कुछ अन्य व्यक्ति नाम पता अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। थाना प्रभारी के मुताबिक, अनुज यादव, अरविंद, शत्रुघ्न को गिरफ्तार किया गया है। जांच में पता चला है कि अनुज मऊ जिले की यूनियन बैंक आफ इंडिया में आधारकार्ड बनाने का काम करता था। पैसा कमाने के चक्कर में अरविंद, शत्रुघ्न को अपनी आईडी पासवर्ड की मदद से रायबरेली में फर्जी दस्तावेज के सहारे आधार कार्ड बनाने का काम कर रहा था। अरविंद, शत्रुघ्न मोबाइल दुकान चलाने के साथ आधार कार्ड, जन्म प्रमाणपत्र बनाने का काम करते थे। आरोपी आधार कार्ड बनाने के नाम पर ३०० या फिर ३२० रुपये लेते थे। पकड़े गए आरोपियों के पास से दो लैपटॉप, एक चार्जर, दो यूएसबी, दो फिंगर प्रिंट मशीन, स्कैनर, दो कैमरा, दो प्रिंटर के अलावा चार फर्जी जन्म प्रमाणपत्र और 130 लोगों को आधार कार्ड बनाने की रसीद, 7037 रुपये की नकदी मिली है। डीह थाना प्रभारी के मुताबिक, रोखा बाजार स्थित अंजली मोबाइल शॉप नाम से दुकान में अरविंद, शत्रुघ्न फर्जी दस्तावेज के सहारे खुद को लाइसेंसधारक बताकर आधार कार्ड बनाने का काम करते थे। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि शहबाज आलम पाकिजा नेट पाइंट के नाम से मोबाइल नेटवर्किंग की दुकान चलाता है। शहबाज आलम की ओर से मुझे अनुज यादव उत्तर प्रदेश के नाम की यूनियन बैंक की आईडी तथा लोकेशन आईडी का साफ्टवेयर आधार कार्ड व जन्म प्रमाणपत्र बनाने के लिए दिया गया था। शहबाज आलम गिरोह का सरगना है। शहबाज आलम और उसके साथियों की तलाश की जा रही है।