कोहंडौर थाना क्षेत्र के अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर हुए सड़क हादसे में साइकिल सवार 69 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना क्षेत्र के सूर्यगढ़ गांव निवासी रामचंद्र वर्मा पुत्र रामनाथ साइकिल से सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही मोटरसाइकिल ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामचंद्र वर्मा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वहीं बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे उसका चालक दिव्यांश मिश्रा (30 वर्ष) निवासी जनपद सुल्तानपुर भी घायल हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने जेठवारा से लालगोपालगंज राम वनगमन मार्ग को जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे सीओ मनोज कुमार सिंह रघुवंशी से ग्रामीणों की तीखी नोकझोंक भी हुई।