पीलीभीत में रक्षाबंधन पर्व के लिए बाजार में रविवार को काफी भीड़ रही। दुकानों पर सुबह से देर शाम तक लोग खरीददारी करते देखे गए। इस बार फैंसी राखियों की खूब बिक्री हुई। भैया-भाभी राखी का सेट आकर्षण का केंद्र रहा तो बच्चों की डोरीमान पहली पंसद रही। इसके अलावा मिठाई और सोने- चांदी की दुकानों पर भी भीड़ देखी गई। रक्षा बंधन का पर्व सोमवार को मनाया जाएगा। पर्व को लेकर चार दिन पहले से ही राखियों का बाजार सज गया था। शुरुआत में भीड़ कम हो रही थी। शनिवार को बाजार में भीड़ कुछ बढ़ी हुई थी। रविवार को राखियों का बाजार काफी गुलजार रहा। हर दुकान पर महिलाओं की भीड़ देखी गई। जय श्रीराम नाम की राखी की भी धूम रही। सुबह से लेकर देर शाम तक दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी गई। इसके अलावा चांदी की राखी खरीदने वालों की भी ज्वेलरी की दुकानों पर भीड़ देखी गई। मिठाई की दुकानें भी खरीददारों से गुलजार रही।