पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र में महिला को भगा ले जाने के मामले में आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। आरोपी ने तमंचे से सिपाही शाहरुख को दो गोलियां मार दीं। पुलिस टीम पर फायरिंग होने से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। सूचना मिलते ही एडीजी व आईजी मौके पर पहुंच गए। घायल सिपाही को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरनपुर क्षेत्र के रहने वाले युवक की पत्नी को वहीं के मोहल्ला गनेशगंज पूर्वी का रहने वाला अभिषेक सक्सेना शहर के नेहरू पार्क के पास से बहला फुसला कर भाग ले गया था। पति ने सदर कोतवाली में बीती 7 दिसंबर को अभिषेक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। वह एक फार्म हाउस में छिपकर बैठा था। सूचना पर पुलिस टीम उसे पकड़ने गई थी, लेकिन आरोपी ने पुलिस पर ही हमला कर दिया।