पीलीभीत जिले का न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री पहुंच गया। पिछले दो वर्षों के मुकाबले बुधवार की रात सबसे ठंडी रात रही। बृहस्पतिवार सुबह के समय भी तापमान तीन डिग्री के करीब ही रहा। मकर संक्रांति के अवसर पर कड़ाके की सर्दी के बाद भी श्रद्धालुओं की आस्था नहीं डिगी। पूरनपुर क्षेत्र में शारदा नदी के धनाराघाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। रमनगरिया में ठहरे संत-महात्मा और श्रद्धालुओं ने तड़के पांच बजे ही नदी में आस्था की डुबकी लगाई। भजन-कीर्तन और गंगा मैया के जयकारे गूंजे। जहानाबाद क्षेत्र कल्यानपुर चक्रतीर्थ में भी श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाकर पुण्य कमाया। खिचड़ी, तिल, गुड आदि का दान किया। बिलसंडा के लिलहर और बीसलपुर क्षेत्र में नदी घाटों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। मंदिरों में भी पूजा-अर्चना की।