पीलीभीत जिले में मौसम में उतार चढ़ाव जारी है। बुधवार सुबह से बादल छा गए। उमस भी बनी थी। दोपहर 12 बजे पीलीभीत-बरेली हाईवे के आसपास झमाझम बारिश हुई। वहीं शहर में अशोक कालोनी, एकतानगर, गौहनिया चौराहा आदि स्थानों पर बादल ही छाए रहे। हाइवे से शहर के अंदर आने वाले वाहन चालक और राहगीर मौसम का यह मिजाज देख हैरान रहे। गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह से जिले में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। बादल, बूंदाबांदी के बीच उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं।