पीलीभीत जिले की ग्राम पंचायतों में बने सामुदायिक शौचालयों के रखरखाव की जिम्मेदारी संभालने वाली समूहों की केयर टेकर को समय से मानदेय नहीं मिल रहा। मानदेय न मिलने से नाराज 20 से अधिक केयर टेकर ने मंगलवार दोपहर कलक्ट्रेट पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। मानदेय भुगतान सीधे खाते में करने की मांग की। सामुदायिक शौचालय केयर टेकर क्रांतिकारी मोर्चा के बैनर तले कलक्ट्रेट पहुंची महिला केयर टेकर ने बताया कि उन्हें सिर्फ छह हजार के हिसाब से भुगतान होता है। यह मानदेय भी 10 से 12 महीने बाद दिया जाता है। कई केयर टेकर को 20 माह से मानदेय नहीं मिला है। दीपावली पर भी भुगतान नहीं किया गया। केयर टेकर ने बताया कि मानदेय का भुगतान ग्राम निधि के खाते में किया जाता है। इस वजह से भी दिक्कत आ रही है। भुगतान सीधे खाते में किए जाने की मांग की। मानदेय और अन्य मांगों के लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा है।