पीलीभीत के बरखेड़ा क्षेत्र में फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया है। रात को खाना खाने के बाद सोए परिवार के 11 लोगों की हालत बिगड़ गई। सभी को सीएचसी बरखेड़ा में भर्ती कराया गया है। बरखेड़ा के वार्ड नंबर 10 निवासी जाहिर अहमद ने बताया कि सोमवार रात घर में आलू की सब्जी और दाल बनी थी। उन्होंने दाल नहीं खाई थी। परिवार के अन्य सदस्यों ने दाल और सब्जी खाई थी। इसके बाद सभी सो गए। मंगलवार सुबह वह उठे तो घर में सन्नाटा देखा। परिजन बेहोशी की हालत में दिखे। इसपर उसे फूड प्वाइजिंग की आशंका हुई तो ग्रामीणों की मदद से सभी को बरखेड़ा सीएचसी में भर्ती कराया गया। सीएचसी बरखेड़ा प्रभारी डॉ लोकेश गंगवार ने बताया कि सभी मरीजों की हालत अब सामान्य है। प्रारंभिक जांच में मामला फूड प्वाइजिंग का लग रहा है।