प्रकृति की गोद में बसी हरियाली, नहरों का संगीत और बाघों की दहाड़ एक बार फिर सैलानियों का स्वागत करने को तैयार हैं। पीलीभीत टाइगर रिजर्व (PTR) का नया पर्यटन सत्र एक नवंबर से शुरू हो रहा है। चूका बीच से लेकर बराही रेंज तक जंगल को पूरी तरह सजाया-संवारा जा चुका है। इस बार रिजर्व प्रशासन ने पर्यटकों के अनुभव को और रोमांचक बनाने के लिए कई नई सुविधाएं जोड़ी हैं।
पर्यटन सत्र को लेकर विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सफारी मार्गों की मरम्मत, सौंदर्यीकरण और सुरक्षा प्रबंध पूरे हो चुके हैं। सैलानियों की सुविधा के लिए इस बार ऑनलाइन सफारी बुकिंग की सुविधा शुरू करने की तैयारी है। साथ ही, बढ़ती पर्यटक संख्या को देखते हुए बराही रेंज में नया प्रवेश द्वार (गेट) खोला जा रहा है, जिससे खासकर लखीमपुर, सीतापुर और लखनऊ से आने वाले सैलानियों को आसानी होगी।
बराही गेस्टहाउस क्षेत्र में नए बुकिंग काउंटर और गेस्टहाउस की मरम्मत का कार्य अंतिम चरण में है। संभावना है कि इस बार नए सत्र का शुभारंभ बराही गेट से ही किया जाएगा। होटल संचालक, गाइड और होम-स्टे ऑपरेटरों में भी उत्साह का माहौल है।
हर वर्ष की तरह इस बार भी दूर-दराज से पर्यटक जंगल की प्राकृतिक सुंदरता और वन्यजीवों को निहारने पहुंचेंगे। चूका बीच की हटों की एडवांस बुकिंग नौ नवंबर तक फुल हो चुकी है, जो पर्यटकों के उत्साह को दर्शाती है। पिछले सत्र में करीब 60 हजार सैलानियों ने रिजर्व की सैर की थी, और लगभग हर दिन बाघ के दीदार हुए थे।
पर्यटन सत्र में मिनी गोवा के नाम से प्रसिद्ध चूका बीच, बाघों की झलक, सप्तसरोवर और सायफन क्षेत्र का शांत नजारा सैलानियों के आकर्षण का केंद्र रहेगा।
फील्ड डायरेक्टर और डीएफओ मनीष सिंह ने सोमवार को चूका बीच, मुस्तफाबाद और बराही गेट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को साफ-सफाई, पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
प्रकृति प्रेमियों के लिए यह सत्र रोमांच, सौंदर्य और शांति का अद्भुत संगम साबित होगा।