खतौली में भाकियू कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने थाने में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। सीओ रामआशीष यादव ने वार्ता करने का प्रयास किया, मगर कार्यकर्ताओं ने 72 घंटे तक कोई भी बात करने से मना कर दिया। जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने कहा कि पुलिस का रवैया बेहद निराशाजनक है। तीन दिन पूर्व कक्षा 12 की विज्ञान वर्ग की छात्राओं को सामान्य हिंदी के स्थान पर साहित्यिक हिंदी का प्रश्नपत्र दिया गया था। इसको लेकर भाकियू ब्लाॅक अध्यक्ष शिवा अहलावत कार्यकर्ताओं के साथ छात्राओं के विद्यालय शिशु शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज पहुंचे थे। वहां से प्रधानाचार्य कांता स्वरुप सिंघल के साथ छात्राओं को लेकर कबूल कन्या इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर पहुंचे थे। जिसको लेकर कार्यकर्ता परीक्षा केंद्र के बाहर सड़क पर धरना देकर बैठ गए थे। पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे इंस्पेक्टर ब्रजेश शर्मा ने कार्यकर्ताओं को सड़क से उठा दिया था। इसी को लेकर कार्यकर्ताओं ने इंस्पेक्टर पर अभद्रता करने का आरोप लगाया। कार्यकर्ता बृहस्पतिवार को ट्रैक्टरों के काफिले के साथ थाने पहुंचे तथा धरना देकर बैठ गए। इस दौरान जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान सीओ रामआशीष यादव तथा इंस्पेक्टर कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे ओर वार्ता करने का प्रयास किया, मगर कार्यकर्ताओं ने 72 घंटे तक कोई भी वार्ता करने से मना कर दिया। धरने पर बैठे कार्यकर्ता थाने में नारेबाजी करते रहे। अध्यक्षता भगीरथानंद और संचालन सचिन चौधरी ने किया।