कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस ने सुरक्षा और जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया है। एसएसपी संजय वर्मा और सीओ नई मंडी सुनील कुमार ने शिवभक्तों से यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करने की अपील की है। सीओ सुनील कुमार ने कांवड़ियों से प्रशासन और पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा। उन्होंने तेज गति और जल्दबाजी से बचने की अपील करते हुए डीजे और ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे वाहनों को निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित करने का अनुरोध किया। पुलिस ने कांवड़ियों से सड़क पर भीड़ न लगाने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा गया है। पुलिस के अनुसार किसी भी समस्या की स्थिति में कांवड़िये निकटतम पुलिसकर्मी से संपर्क कर सकते हैं या डायल-112 की मदद ले सकते हैं। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर कांवड़ मार्ग पर पुलिस की लगातार निगरानी जारी है।