मुजफ्फरनगर जनपद जाट महासभा के पदाधिकारी और विभिन्न गांवों से आए किसान ट्रैक्टर ट्रॉलियों पर सवार होकर अभिनेता सनी देओल की फिल्म जाट देखने पहुंचे। शहर के ग्रांड प्लाजा में चल रही फिल्म के लिए पूरा शो बुक कराया गया था। जिलाध्यक्ष धर्मवीर बालियान के नेतृत्व में रणसिंघे की गूंज और ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार होकर कार्यकर्ता पहुंचे। भरतिया कॉलोनी, नवीन मंडी भोपा रोड होते हुए ग्रांड प्लाजा में पहुंचे। रास्ते में चौधरी चरण सिंह अमर रहे, बाबा सूरजमल अमर रहे और जाट एकता जिंदाबाद का जयघोष किया गया। ओमकार अहलावत अनुज बालियान, देवी सिंह, कुलदीप प्रधान, जयवीर सिंह, बिट्टू सिखेड़ा, विनीत बालियान, राहुल पंवार, धर्मेंद्र तोमर, विकास बालियान, राकेश बालियान मौजूद रहे।