मुजफ्फरनगर दुबई में खेले गए चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में टीम इंडिया की जीत के बाद क्रिकेट प्रेमियों ने जश्न मनाया। हरफनमौला रविंद्र जड़ेजा ने 49वें ओवर की आखिरी गेंद पर जीत का चौका लगाया तो गांव से लेकर शहर तक खुशी मनाई गई। शिव चौक पर क्रिकेट प्रेमी एकत्र हुए। आतिशबाजी की और पटाखे छोड़े गए। तिरंगा लहराकर गुलाल उड़ाया गया। खिताबी मुकाबला देखने के लिए क्रिकेट प्रेमियों के बीच दोपहर से ही उत्साह रहा। मोबाइल के अलावा टीवी पर क्रिकेट मैच देखा गया। क्रिकेट प्रेमियों ने ग्रुप में बैठकर मुकाबला देखा। भारतीय टीम ने पहले गेंदबाजी की। स्पिनर कुलदीप यादव और वरुण की गेंदबाजी की खेल प्रेमियों ने सराहना की। टीम इंडिया बल्लेबाजी करने उतरी तो कप्तान रोहित शर्मा की बल्लेबाजी पर खेल प्रेमी झूमते नजर आए। शुभमन गिल और विराट कोहली का विकेट गिर जाने के बाद कुछ देर के लिए निराशा का माहौल रहा, लेकिन श्रेयस अय्यर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम इंइंडिया को मुकाबले में बनाए रखा। अक्षर पटेल, केएल राहुल और हार्दिक पांडया की बल्लेबाजी की बदौलत टीम इंडिया ने जीत दर्ज कर ली। जीत के बाद जिलेभर में खुशी का माहौल रहा। शाहपुर, चरथावल, खतौली और बुढ़ाना में क्रिकेट प्रेमियों ने आतिशबाजी की। शहर के शिव चौक पर खेल प्रेमी एकत्र हुए। देर ततक ढोल की थाप की पर जश्न का माहौल रहा। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला समेत अन्य नेता शिव चौक पर पहुंचे और खुशी मनाई।