मुरादाबाद के बेहद सुरक्षित माने जाने वाले बंगला गांव स्थित अकबर कंपाउंड में रविवार की देर रात करीब साढ़े तीन बजे नकाबपोश छह बदमाशों ने पीतल कारोबारी एवं प्रॉपर्टी डीलर इमरान के घर में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। गेट का डिजिटल लॉक खोलकर घर में घुसे बदमाशों ने ऊपरी मंजिल पर परिवार को बंधक बनाकर एक करोड़ बीस लाख रुपये की नकदी के अलावा छह तोला सोना (9,24000 रुपये) लूट लिया। दस मिनट में वारदात को अंजाम देकर बदमाश भाग गए। बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद कहा कि जल्द ही खुलासा किया जाए।