वर्ल्ड कप में अमरोहा के मोहम्मद शमी लगातार गेंदबाजी से कमाल दिखा रहे हैं। पिछले तीन मैचों में जहां उन्होंने अपनी धारदार गेंदबाजी से बल्लेबाजों के होश उड़ाए, वहीं दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी उनका शानदार प्रदर्शन जारी रहा। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की टीम के दो विकेट झटक कर जीत में अहम भूमिका निभाई। इससे अमरोहावासियों में खुशी की लहर है। उधर, भारत के जीतने के बाद मुरादाबाद में दूल्हा-दुल्हन ने भी जश्न मनाया। वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ मिले अवसर को शमी ने शानदार तरीके से भुनाया था। उस मैच में उन्होंने न्यूजीलैंड के पांच बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया था। इसके बाद इंग्लैंड और श्रीलंका को भी अपनी घातक गेंदबाजी से धराशायी कर दिया था। उनके प्रदर्शन से अमरोहावासी खासे उत्साहित हैं और आगे भी शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं मिल रही हैं।