मुरादाबाद नवरात्र महोत्सव में सोमवार को आस्था और श्रद्धा भाव के साथ नवमीं पर घर-घर मां दुर्गा की पूजा अर्चना की गई। कन्याओं को हलवा-पूड़ी का प्रसाद खिलाया गया। नौ दिन तक उपवास रखने के बाद श्रद्धालुओं ने हवन-पूजन के साथ परिवार की सुख समृद्धि की प्रार्थना की। साथ ही भंडारे का आयोजन कर पुण्य कमाया। सोमवार सुबह पहले श्रद्धालुओं ने घरों में मां दुर्गा की पूजा की। हलवा-पूड़ी, खीर आदि का प्रसाद बनाया। मातारानी को भोग लगाने के बाद कन्याओं को प्रसाद खिलाया। इसके बाद श्रद्धालु मंदिरों में मातारानी के पूजन के लिए पहुंचे। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लाइनें लग गई थीं। काली माता मंदिर लालबाग पर सबसे ज्यादा भीड़ थी। मातारानी को फल-फूल और लाल चुनरी चढ़ाई गई।