भूनी गांव स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय से बृहस्पतिवार शाम को लापता हुईं कक्षा सात की तीनों छात्राएं शुक्रवार देर रात गढ़ रोड स्थित आंबेडकरनगर से मिल गईं। डीएम ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए वार्डन रीना और पूर्णकालिक शिक्षिका बिंदिया की सेवा समाप्त कर दी है। दोनों के खिलाफ बीएसए की ओर से लापरवाही की एफआईआर दर्ज कराई गई है। सरूरपुर बीईओ अजय कुमार को सरूरपुर ब्लॉक और विद्यालय में तैनात दो महिला होमगार्ड को हटा दिया गया है। बीएसए आशा चौधरी और जिला कॉर्डिनेटर बालिका शिक्षा नेमपाल सिंह से स्पष्टीकरण मांगा है। यदि दोषी पाए गए तो उनकी भी सेवा समाप्त की जाएगी। डीएम ने सीडीओ नूपुर गोयल और एडीएम प्रशासन बलराम सिंह को जांच सौंपी है। लखनऊ से भी जिला प्रशासन से इस संबंध में पूरी जानकारी तलब की गई है।