मेरठ में चार माह से वेतन नहीं मिलने से परेशान बिजली विभाग के संविदा कर्मचारियों ने गुरुवार को कमिश्नरी पर अनोखा प्रदर्शन किया। वेतन भुगतान की मांग को लेकर कर्मचारियों ने पुलिसकर्मियों और वहां मौजूद अन्य लोगों से भीख मांगकर विरोध जताया। ‘वेतन नहीं तो भीख मांगकर चलाएंगे घर’ प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना था कि चार माह से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने परिवार का खर्च चलाने का संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों ने कहा कि जब बिजली विभाग उन्हें वेतन नहीं दे रहा है तो अब उन्हें अपना घर भीख मांगकर ही चलाना पड़ेगा। कर्मचारियों ने जल्द से जल्द बकाया वेतन का भुगतान कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण आर्थिक परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांग को लेकर नारेबाजी भी की।