मेरठ के सरधना कस्बे के डंपिंग ग्राउंड में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में उसने विकराल रूप धारण कर लिया और दूर-दूर तक धुएं का गुबार फैल गया। धुएं के कारण आसपास के क्षेत्रों में लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत महसूस हुई, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि खबर लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। पालिका प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आग बुझाने के प्रयास जारी हैं।