मेरठ। दौराला कस्बे में शराब से हुई तीन लोगों की मौत के मामले ने अब सनसनीखेज मोड़ ले लिया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह केवल शराब का मामला नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश के तहत की गई हत्या है। मृतक अंकित उर्फ दौलत की बहन अलका और उसके प्रेमी पवन उर्फ पोली को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, अलका पुत्री जगपाल का दौराला निवासी पवन उर्फ पोली (पुत्र कमर पाल) के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस रिश्ते में सबसे बड़ी बाधा उसका भाई अंकित था, जो दोनों के मिलने-जुलने का लगातार विरोध करता था। इसी कारण दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। आरोप है कि अलका ने घर में रखी शराब में जहर मिला दिया। योजना यह थी कि अंकित अकेले शराब पीकर मर जाएगा और मामला सामान्य शराब से मौत मान लिया जाएगा। लेकिन घटनाक्रम ने मोड़ ले लिया। अंकित शराब लेकर स्पेलर पर पहुंचा, जहां बाबूराम प्रजापति और जितेंद्र ने भी उसके साथ शराब पी ली। जहरीले पदार्थ का असर इतना घातक था कि तीनों की एक-एक कर मौत हो गई। अब पुलिस इस अहम सवाल की जांच में जुटी है कि आखिर जहर कहां से आया और इसे कैसे हासिल किया गया। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस कड़ी से पूरे षड्यंत्र का खुलासा हो सकता है। शनिवार शाम करीब छह बजे पुलिस ने पवन उर्फ पोली को हिरासत में लिया, जबकि करीब सात बजे अलका को भी पकड़ लिया गया। दोनों से सख्ती से पूछताछ जारी है स्थानीय लोगों के मुताबिक, अंकित शराब पीने का आदी था, जिसका फायदा उठाकर इस साजिश को अंजाम दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।