मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के चमड़ा पेट बाजार में संचालित एक अवैध शस्त्र फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध बने और अधबने तमंचे समेत हथियार बनाने का सामान बरामद किया है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि चमड़ा पेट बाजार क्षेत्र में अवैध रूप से हथियार बनाने और बेचने का काम किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अमजद पूरे गैंग का सरगना है, जो अवैध हथियारों के निर्माण और सप्लाई का संचालन कर रहा था। मौके से बड़ी संख्या में बने और अधबने तमंचे, हथियार बनाने के उपकरण और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। एसपी सिटी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और इनके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर अवैध हथियारों के नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।