मेरठ के ग्राम पंचायत शेखपुर गढ़ू के दरियापुर क्षेत्र स्थित परिषदीय कंपोजिट विद्यालय की बिल्डिंग पर रविवार रात आई तेज आंधी के दौरान एक विशालकाय पेड़ गिर गया। इस घटना में स्कूल भवन के लिंटर में दरार आ गई। गनीमत रही कि यह हादसा रात में हुआ, यदि दिन के समय स्कूल संचालित होने के दौरान पेड़ गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था। विद्यालय में कक्षा एक से आठ तक कुल 144 विद्यार्थी नामांकित हैं, जिन्हें मुख्य अध्यापिका समेत आठ शिक्षक पढ़ाते हैं। सोमवार को अवकाश के बाद जब स्कूल खुला तो बच्चों और शिक्षकों ने स्कूल की बिल्डिंग पर गिरा विशालकाय सिम्बल का पेड़ देखकर हैरानी जताई। रविवार रात आई आंधी-तूफान के कारण पेड़ गिरने से भवन को नुकसान पहुंचा है। मुख्य अध्यापिका इंदु वर्मा ने घटना की जानकारी खंड शिक्षा अधिकारी और ग्राम प्रधान धूम सिंह को दी। वहीं स्कूल की बिल्डिंग पर पेड़ गिरने की घटना के बाद अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अभिभावकों ने जर्जर हो चुके कक्ष में पढ़ाई न कराने की मांग की है। खंड शिक्षा अधिकारी राज मोहन गुप्ता ने बताया कि शिक्षकों से पेड़ गिरने की सूचना मिली है। यह घटना प्राकृतिक आपदा के कारण हुई है। गिरे हुए पेड़ को हटवाने की कार्रवाई की जा रही है और क्षतिग्रस्त कक्षा में फिलहाल शिक्षण कार्य पर रोक लगा दी गई है।