मेरठ में कांवड़ यात्रा 2025 को लेकर सुरक्षा चाक चौबंद रहे और माहौल शांतिपूर्ण रहे। इसे लेकर मेरठ पहुंचे मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और डीजीपी राजीव कृष्ण ने कमिश्नरी सभागार में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के अधिकारी मौजूद रहे। इससे पहले मेरठ पहुंचने पर मुख्य सचिव और डीजीपी को 'गार्ड ऑफ ऑनर' भी दिया गया। बैठक में कांवड़ यात्रा मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा, यातायात नियंत्रण, सफाई, पेयजल, विद्युत और आपात सेवा से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि 'कांवड़ यात्रा में लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं, इसलिए किसी भी स्तर पर कोई ढिलाई न बरती जाए। हर विभाग अपनी जिम्मेदारी समय से निभाए।'