मेरठ में सावन के दूसरे सोमवार को सदर स्थित ऐतिहासिक औघड़नाथ मंदिर में भगवान आशुतोष के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। बड़ी संख्या में भक्त गंगाजल लेकर मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सावन के दूसरे सोमवार पर मंदिर में विशेष धार्मिक माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मी भी तैनात रहे। दिनभर मंदिर में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।