मेरठ शहर के शास्त्री नगर मजदूर चौक स्थित आशु पेंट्स की दुकान पर मंगलवार को उस वक्त हंगामा हो गया, जब कुछ ठेकेदारों ने दुकानदार पर नकली एशियन पेंट की बाल्टी देने का आरोप लगाया। ठेकेदारों का आरोप था कि बाल्टी पर ब्रांडेड लेबल लगा था, लेकिन खोलने के बाद रंग की गुणवत्ता और गंध से उन्हें शक हुआ। जब उन्होंने दुकानदार से जवाब मांगा तो कहासुनी बढ़ गई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान पर काफी देर तक हंगामा होता रहा। दोनों पक्षों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। ठेकेदारों ने कहा कि यदि नकली सामग्री से काम हो गया तो बिल्डिंग की दीवारें जल्द खराब हो जाएंगी और उनकी साख पर असर पड़ेगा। दुकानदार ने सभी आरोपों को नकारते हुए कहा कि उन्होंने कंपनी से ही माल मंगवाया है और वो तैयार हैं जांच के लिए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और पेंट के सैंपल को जांच के लिए भेजे जाने की तैयारी की जा रही है।