मेरठ से सटे परिक्षितगढ़ में बहसूमा क्षेत्र के रामराज गांव से दो दिन पहले अपहृत छह वर्षीय अंगदवीर का शव नहर से बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अपहरण का यह मामला अब हत्या में तब्दील हो गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर रामराज गांव में घर के बाहर खेल रहे अंगदवीर को वैगनआर कार सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े अगवा कर लिया था। घटना के बाद परिजनों ने काफी देर तक बच्चे की तलाश की और फिर पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद से पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार बच्चे की तलाश में जुटी हुई थी। लगातार चल रही खोजबीन के बीच अब बच्चे का शव नहर से मिलने के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।