भूनी टोल प्लाजा पर सेना के जवान कपिल निवासी गांव गोटका के साथ हुई मारपीट का मामला गर्मा गया है। गोटका के सैकड़ों लोगों ने सोमवार को टोल प्लाजा पर हंगामा, तोड़फोड़ और नारेबाजी कर दी। पुलिस ने आकर स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण मानने को तैयार नहीं थे। ग्रामीण टोल वसूली एजेंसी को बर्खास्त करने की मांग पर अड़े हुए हैं। ये है मामला मेरठ के गांव गोटका निवासी कपिल ऑपरेशन सिंदूर के बाद कांवड़ यात्रा के दौरान श्रीनगर से छुट्टी पर आया था। सोमवार को उसे श्रीनगर में ड्यूटी पर अपनी बटालियन में आमद करानी थी। रविवार रात नौ बजे उसका चचेरा भाई शिवम कार से उसे एयरपोर्ट छोड़ने जा रहा था। भूनी टोल पर पहुंचे तो कार को टोल से निकालने के लिए कपिल ने कर्मचारियों को अपना आईडी कार्ड दिखाया। टोल कर्मचारियों ने उसका आईडी कार्ड व मोबाइल फोन छीन लिया। जब उसने इसका विरोध किया तो सेना के जवान कपिल और उसके भाई शिवम के साथ मारपीट कर दी।