यदि आपके घर के दरवाज़े पर कोई सस्ते में ब्रांडेड कंपनी का चूल्हा या कूकर बेचने आए, तो जरा सावधान हो जाएं। क्योंकि वो सामान ब्रांडेड कंपनी का नहीं, बल्कि एक कमरे में बनाकर सिर्फ ब्रांडेड कंपनी का लेबल लगाकर बेचा जा रहा है। मेरठ पुलिस ने ऐसे ही एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में एक किराये के हॉल नुमा कमरे में नकली गैस चूल्हे, कूकर, कूकर सीटी, सीलिंग फैन और मिक्सर मशीन समेत कई इलेक्ट्रॉनिक आईटम बना रहे थे। इतना ही नहीं, शातिर आरोपी उस सामान में ब्रांडेड कंपनी का लेबल लगाकर वारंटी कार्ड भी तैयार करते थे। एक कंपनी ने इसकी शिकायत पुलिस से ही, जिसके बाद पुलिस ने फैक्ट्री में छापा मारा, तो मौके से बड़ी मात्रा में करीब एक करोड़ की कीमत का सामान बरामद हुआ। एसएसपी डॉ विपिन ताडा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि पकड़े गए पांचों आरोपी सलीम, नदीम, दानिश, फरमान और महताब हैं, जिनका मास्टरमाइंड सलीम है। इनमें से सलीम, फरमान और मेहताब मुजफ्फरनगर के रहने वाले हैं, जबकि नदीम और दानिश मेरठ के ही हैं।